एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में प्रो. शिवम सिन्हा ने किया बीएचयू का प्रतिनिधित्व
पेल्विक व एसीटाबुलर ट्रॉमा प्रबंधन पर दिया व्याख्यान, अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों से साझा किए अनुभव
वाराणसी (जनवार्ता):
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के प्रो. शिवम सिन्हा ने नई दिल्ली में आयोजित 8वीं एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।

एशिया ओशिनिया पेल्विक एंड एसीटाबुलर सोसायटी कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रो. सिन्हा ने फैकल्टी के रूप में “पोस्टेरियर एसीटैब्युलर फ्रैक्चर डिसलोकेशन के आकलन एवं फिक्सेशन” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया। उनका सत्र इंटरैक्टिव रहा, जिसमें देश-विदेश के विशेषज्ञों ने सक्रिय भागीदारी की।
सम्मेलन में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त विशेषज्ञों जैसे रोमान फ़ाइफ़र, इंदर गिल, निर्भय करंदीकर और एमएल चिप राउट जूनियर ने भी भाग लिया। यह मंच नवीनतम शल्य तकनीकों, केस स्टडी और विचारों के आदान-प्रदान के लिए उपयोगी रहा।
प्रो. सिन्हा ने सम्मेलन के दौरान विभिन्न विशेषज्ञों के साथ संवाद कर अपने अनुभव साझा किए और पेल्विक एवं एसीटाबुलर ट्रॉमा प्रबंधन से जुड़ी नई जानकारियां प्राप्त कीं। उन्होंने इसे ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक बताया।
सम्मेलन का आयोजन विवेक त्रिखा, समर्थ मित्तल और विजय शर्मा के नेतृत्व में एम्स नई दिल्ली के जेपीएन एपेक्स ट्रॉमा सेंटर द्वारा किया गया।
प्रो. सिन्हा ने अगले वर्ष लखनऊ में प्रस्तावित एओपीएएस कॉन्फ्रेंस में भी भाग लेने की इच्छा जताई।

