शिवाजी नगर पार्क में बनी रक्षाबंधन वाटिका, बहनों ने जवानों को बांधी राखी
वाराणसी (जनवार्ता)। शिवाजी नगर पार्क में सृजन सामाजिक विकास न्यास, सीआरपीएफ और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रक्षाबंधन वाटिका का सृजन किया गया। कार्यक्रम में इनरव्हील क्लब की बहनों ने विधायक सौरभ श्रीवास्तव, सीआरपीएफ अधिकारियों व जवानों, न्यास के सदस्यों तथा वन विभाग के रेंजर को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बहनों ने आशीर्वाद स्वरूप फलदार पौधे भी भेंट किए।


मुख्य अतिथि विधायक सौरभ श्रीवास्तव और उनकी पत्नी सुगंधा श्रीवास्तव ने पौधारोपण कर सभी को रक्षाबंधन की बधाई दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सृजन सामाजिक विकास न्यास एवं गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने मंत्रोच्चारण के साथ रक्षाबंधन वाटिका के सृजन की शुरुआत कराई। उन्होंने बहनों को पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
वन विभाग के रेंजर राज कुमार गौतम ने अपनी टीम के साथ ट्री गार्ड सहित फलदार पौधे लगाए। वहीं सीआरपीएफ 95 बटालियन के कमांडेंट एस. बालापुरकर ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी से ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में समाजसेवी कांत पांडेय, अनिल वन दारोगा, सुरभि मोदी, मंदाकिनी अग्रवाल, अनुजा वागला, निहारिका देवांशी, नेहा मित्तल, गुरदीप सोनेजा, भाजपा कार्यकर्ता और सीआरपीएफ के पीआरओ प्रवीण सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाई-बहन के स्नेह के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। फलदार पौधों को राखी के प्रतीक के रूप में भेंट कर उनकी देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया गया।

