तेज आंधी-बारिश से गर्मी से राहत
वाराणसी (जनवार्ता) । भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को शुक्रवार सुबह तेज आंधी और झमाझम बारिश से राहत मिली। तड़के गरज-चमक के साथ करीब एक घंटे तक हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आंधी की रफ्तार करीब 87 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जबकि एक घंटे में 29.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
सुबह चार बजे के बाद अचानक मौसम बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। आंधी के कारण कई जगह पेड़ों की डालियां टूटकर गिर गईं, वहीं टीन शेड और होर्डिंग भी क्षतिग्रस्त हुए। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बारिश के चलते कुछ स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई है।


