दादा की गोद से मासूम को छीनकर तीन बार पटका
एक माह की बच्ची गंभीर; आरोपी गिरफ्तार
वाराणसी (जनवार्ता)। सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा-पहड़िया स्थित मुसहर बस्ती में शनिवार रात एक युवक ने एक माह की मासूम बच्ची को उसके दादा की गोद से खिलाने के बहाने लिया और कुछ दूरी पर ले जाकर जमीन पर तीन बार पटक दिया। घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई और उसका जबड़ा टूट गया। उसे तत्काल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, बच्ची के दादा पप्पू अपनी पोती को गोद में लेकर टहल रहे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला विकास यादव वहां पहुंचा और बच्ची को खिलाने के लिए गोद में ले लिया। आरोप है कि कुछ ही क्षण बाद उसने मासूम को जमीन पर पटकना शुरू कर दिया। दादा के शोर मचाने पर आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। गंभीर रूप से घायल बच्ची को श्रीनगर कॉलोनी फेज-1 स्थित किलकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बच्ची के पिता राजेश मजदूरी करते हैं। आईसीयू में भर्ती अपनी बेटी की हालत देखकर माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर अशोका चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा ईंट-पत्थर चलाने की भी सूचना है। करीब आधे घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन को पुलिस अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शांत कराया।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के दादा की तहरीर पर आरोपी विकास यादव, उसके पिता शोभा यादव तथा उसकी मां के खिलाफ जानलेवा हमला तथा एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। सारनाथ पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास यादव को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार यह कह रहा है कि “भगवान ने उसे बच्ची की बलि देने के लिए कहा था।” हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी पहले से ही दबंग और मनबढ़ प्रवृत्ति का है तथा क्षेत्र में उसकी हरकतों को लेकर लोग परेशान रहते हैं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा आरोपी के मानसिक स्वास्थ्य संबंधी पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

