बनारस रेलवे स्टेशन के फूड स्टाल से 7.10 लाख की चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर
वाराणसी (जनवार्ता) । बनारस रेलवे स्टेशन (मंडुआडीह) के प्लेटफार्म नंबर-8 स्थित एक फूड स्टाल से 7 लाख 10 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार प्लेटफार्म नंबर-8 पर धनदेई देवी के नाम से संचालित फूड स्टाल पर श्रवण यादव और उनके भाई सतीश यादव निवासी सुल्तानपुर काम करते हैं। श्रवण यादव ने बताया कि बुधवार रात करीब एक बजे के बाद दोनों भाई स्टाल के सामने लगी बेंच पर सोने चले गए थे।
इसी दौरान हाफ नेकर और टी-शर्ट पहने एक युवक स्टाल पर पहुंचा और काउंटर में रखा 7 लाख 10 हजार रुपये से भरा बैग तथा दो मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। जब दोनों कर्मचारियों की नींद खुली तो कैश और मोबाइल गायब मिले। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को सूचना दी गई।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी युवक बैग लेकर प्लेटफार्म से बाहर जाता दिखाई दे रहा है। फुटेज में उसके हाथ में कोल्ड ड्रिंक और चॉकलेट भी नजर आ रही है। वहीं घटना से करीब 20 मिनट पहले वही युवक बिना बैग के फुट ओवर ब्रिज पर घूमता दिखाई दिया।
जीआरपी और आरपीएफ ने फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

