‘बाबा जी’ को 40वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, पांच बार गए थे जेल

‘बाबा जी’ को 40वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि, पांच बार गए थे जेल

वाराणसी (जनवार्ता)। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रणजीत सिंह ‘बाबा जी’ की 40वीं पुण्यतिथि पर सूरजपति कन्या इंटर कॉलेज, कोरौती, कोरौत में श्रद्धांजलि एवं स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। वक्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की गाथा सुनाकर नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास से रूबरू कराया।

rajeshswari

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव उर्फ लक्कड़ पहलवान रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी शिव शंकर सिंह एवं भाजपा के जिला मंत्री विजय यादव उपस्थित रहे। इसके अलावा आशीष राय किसान मोर्चा भाजपा, शिक्षक दीपक राय, स्वतंत्रता सेनानी के पौत्र सनत कुमार सिंह, अरविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और विद्यालय परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की। अतिथियों का माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता करमचंद ने किया।

वक्ताओं ने बताया कि स्वर्गीय रणजीत सिंह ‘बाबा जी’ ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध स्वतंत्रता आंदोलनों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। ऐतिहासिक विवरण के अनुसार, उन्होंने वर्ष 1922, 1930, 1932, 1941 और 1942 के आंदोलनों में भाग लिया। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्हें पांच बार जेल जाना पड़ा और कुल तीन वर्ष नौ माह तक कारावास में रहना पड़ा। इसके साथ ही उन्हें 75 रुपये का जुर्माना भी भुगतना पड़ा। वर्ष 1930 के नमक सत्याग्रह के दौरान उन्होंने आजीवन नमक नहीं खाने का संकल्प लिया था।

उनका जीवन सत्य, अहिंसा, सामाजिक समरसता, मानवता और राष्ट्रप्रेम के आदर्शों से प्रेरित था। उनकी गायकी में देशभक्ति, आध्यात्मिकता और सामाजिक चेतना का विशेष संगम था। जेल में भी वे गीतों और भजनों के माध्यम से बंदियों में उत्साह एवं राष्ट्रप्रेम की भावना जगाते थे। इसी विशिष्ट व्यक्तित्व के कारण उन्हें ‘बाबा जी’ के नाम से जाना जाने लगा।

इसे भी पढ़े   ढाबा कर्मचारी पर प्राणघातक हमले के मामले में आरोपी गिरफ्तार

वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। नई पीढ़ी को ऐसे गुमनाम और महान नायकों के इतिहास से परिचित कराना आवश्यक है। विद्यालयों में आयोजित इस तरह के कार्यक्रम बच्चों में देशभक्ति, नैतिकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।

समारोह के अंत में स्वर्गीय रणजीत सिंह ‘बाबा जी’ के राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *