महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाले दो युवक गिरफ्तार
आठ अन्य को चेतावनी देकर छोड़ा
वाराणसी (जनवार्ता)। सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच महिलाओं से अश्लील इशारे कर उन्हें परेशान करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर कड़ी चेतावनी देने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार महिलाओं से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की सूचना मिलने पर एंटी रोमियो टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए अवनीश पाण्डेय (20) निवासी राजवानी, थाना चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20) निवासी सेमरी मगरही, थाना कछवा, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना सिगरा में मु0अ0सं0 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके अभिभावकों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने की।

