वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य में वाराणसी की अहम भूमिका

वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था लक्ष्य में वाराणसी की अहम भूमिका

कृषि, एमएसएमई और सेवा क्षेत्र पर रहेगा फोकस : सुरेश खन्ना

वाराणसी  (जनवार्ता)। प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में वाराणसी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। इसके लिए कृषि, विनिर्माण (मैन्युफैक्चरिंग) और सेवा क्षेत्र (सर्विस सेक्टर) में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने की आवश्यकता है।

rajeshswari

शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विकास परियोजनाओं तथा प्रदेश की एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था के लक्ष्य में वाराणसी के योगदान की समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने जिले की आर्थिक प्रगति और विकास योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि वर्ष 2026 के अनुमानित आंकड़ों के अनुसार वाराणसी की जनसंख्या 44.10 लाख है। जनपद की वर्तमान जीडीपी 56,900 करोड़ रुपये है तथा राज्य की जीडीपी में इसका योगदान 1.88 प्रतिशत है। जिले की वार्षिक विकास दर 10.4 प्रतिशत दर्ज की गई है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2029-30 तक निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए वर्तमान जीडीपी को लगभग तीन गुना बढ़ाना होगा। इसके लिए प्रत्येक विभाग को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर काम करना होगा तथा निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करनी होगी। उन्होंने कृषि, पशुपालन, मत्स्य पालन, दुग्ध उत्पादन और वानिकी क्षेत्रों में विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पशुओं में नस्ल सुधार के लिए कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम को गति देने, दुग्ध संग्रहण केंद्रों की संख्या बढ़ाने, पोल्ट्री एवं बकरी पालन को प्रोत्साहित करने तथा जैविक खेती के विस्तार पर जोर दिया। कृषि विभाग को बेहतर उत्पादकता वाले किसानों को सम्मानित करने और किसानों तक आधुनिक तकनीकों को पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

इसे भी पढ़े   भदोही : मुठभेड़ में 50 हजार के इनामिया तीन डकैत गिरफ्तार

बैठक में बताया गया कि वाराणसी में पर्यटन क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। वर्ष 2025-26 में लगभग 17 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ है। पर्यटन नीति के तहत 4,017 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावित हैं, जबकि होटल उद्योग में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान में जनपद में 1,411 होटल संचालित हैं।

प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, पीएम स्वनिधि, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) जैसी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रोजगार सृजन है और सभी विभागों को इस दिशा में समन्वित प्रयास करने होंगे।

बैठक में एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, विधायक त्रिभुवन राम, विधायक डॉ. सुनील पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक से पूर्व प्रभारी मंत्री ने रविंद्रपुरी स्थित प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई कर नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *