कैंसर मरीज की मदद को आगे आए वाराणसी पुलिस के आरक्षी, दूसरी बार किया स्वैच्छिक रक्तदान
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन कार्यालय में कार्यरत आरक्षी कुमार गौरव ने मानवता और सामाजिक सेवा का परिचय देते हुए दूसरी बार स्वेच्छा से रक्तदान कर कैंसर पीड़ित मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

जानकारी के अनुसार, भारत रक्त सेवा मंच पुलिस परिवार व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना मिली कि टाटा कैंसर हॉस्पिटल में भर्ती कैंसर मरीज हामिद को तत्काल 10 यूनिट रक्त की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही आरक्षी कुमार गौरव बिना देर किए रक्तदान के लिए पहुंचे और दूसरी बार स्वैच्छिक रक्तदान किया।
समय पर किए गए इस रक्तदान से मरीज के उपचार में महत्वपूर्ण सहयोग मिला। उनके इस सराहनीय कार्य की पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों ने प्रशंसा की है।
कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने कहा कि रक्तदान महादान है और समय पर किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। पुलिस विभाग जनसेवा, मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।

