वाराणसी : जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला, कोर्ट में मचा हंगामा

वाराणसी : जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला, कोर्ट में मचा हंगामा

वाराणसी (जनवार्ता)। जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक जिला जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई और खुद को जज बताते हुए सुनवाई करने की बात करने लगी। महिला ने हैमर उठाकर टेबल पर पटकते हुए “ऑर्डर-ऑर्डर” कहा और कोर्ट में मौजूद वकीलों से गवाह व सबूत पेश करने को कहा।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार शिवपुर निवासी वंदना गुप्ता (50) सुबह जिला न्यायालय पहुंचीं। जिला जज के आने का समय पूछने के बाद वह सीधे कोर्ट रूम में पहुंच गईं और न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गईं। कुर्सी पर बैठते ही उन्होंने अदालत की कार्यवाही संचालित करने का अभिनय शुरू कर दिया। उन्होंने वकीलों से कहा कि आज वह स्वयं सुनवाई करेंगी और सभी मामलों की जानकारी उन्हें दी जाए।

अचानक हुए इस घटनाक्रम से कोर्ट कक्ष में मौजूद अधिवक्ता और कर्मचारी हैरान रह गए। जब वकीलों ने महिला को कुर्सी से उतरने के लिए कहा तो वह नहीं मानी और उल्टे उन्हें डांटने लगी। कुछ अधिवक्ताओं ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया, जिस पर महिला नाराज हो गई।

सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचीं और काफी समझाने के बाद महिला को जज की कुर्सी से नीचे उतारकर हिरासत में ले लिया। इसके बाद उसे कैंट थाने ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की गई। करीब एक घंटे तक न्यायालय परिसर में यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।

घटना की जानकारी मिलने पर अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त करते हुए सभी प्रवेश द्वारों पर विशेष निगरानी के निर्देश जारी किए हैं।

इसे भी पढ़े   केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वी.एस. अच्युतानंदन का 101 वर्ष की आयु में निधन

अधिवक्ताओं के अनुसार वंदना गुप्ता का न्यायालय में कोई मुकदमा लंबित नहीं है। बताया जा रहा है कि वह पूर्व में भी कई बार न्यायालय परिसर में पहुंचकर इस प्रकार की हरकत कर चुकी हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *