वरुणा नदी से निकली ‘चार आंखों वाली’ रहस्यमयी मछली, गांव में मचा कौतूहल

वरुणा नदी से निकली ‘चार आंखों वाली’ रहस्यमयी मछली, गांव में मचा कौतूहल

वाराणसी (जनवार्ता)। जिले के बड़ागांव क्षेत्र स्थित कोईराजपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब वरुणा नदी में मछली पकड़ रहे एक मछुआरे के जाल में एक अजीबोगरीब मछली फंस गई। यह मछली न सिर्फ आकार में अलग थी, बल्कि उसके चेहरे की बनावट और चार आंखों जैसे दिखने वाले अंगों ने सभी को हैरान कर दिया।

जानकारी के अनुसार, इस विचित्र जीव को गांव के रिंग रोड किनारे स्थित एक पानी की टंकी में जीवित रखा गया है, जहां इसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भीड़ उमड़ रही है। ढाबा संचालक से लेकर ग्रामीणों तक सभी इस अनोखी मछली को देखकर दंग हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने ऐसा जीव पहले कभी नहीं देखा। मछली की त्वचा पत्थर जैसी सख्त है, उसका चेहरा किसी अन्य सामान्य मछली से बिल्कुल भिन्न है और मुंह नीचे की ओर है। मछुआरों और कुछ जानकारों के अनुसार, यह संभवतः ‘करचामा’ या ‘सकरमाउथ कैटफिश’ प्रजाति की मछली हो सकती है, जो आमतौर पर नदी या झीलों की गहराई में पाई जाती है।

हैरत की बात यह है कि अभी तक वन विभाग को इस अनोखे जीव की जानकारी नहीं दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मछली जैव विविधता की दृष्टि से महत्वपूर्ण हो सकती है और इसे संरक्षित किए जाने की जरूरत है।

गांववालों की मांग है कि संबंधित विभाग मौके पर आकर इस रहस्यमयी जीव की पहचान करें और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करें, ताकि जैव वैज्ञानिक दृष्टि से इसकी जांच संभव हो सके।

इसे भी पढ़े   बनीं दुनिया की सबसे कम उम्र की CA,गिनीज बुक में नाम दर्ज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *