सेवा से राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर निकलेगी ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’

सेवा से राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेकर निकलेगी ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा

rajeshswari

वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के जनसेवा संकल्प को युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजयुमो की ओर से ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ निकाली जाएगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा वाराणसी और वडनगर से एक साथ शुरू होगी। इसमें देशभर से 1,000 से अधिक युवा शामिल होंगे।

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह केवल बाइक यात्रा नहीं, बल्कि युवाओं को सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का अभियान है। यात्रा 20 मार्गों से होकर 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी।

हर पड़ाव पर करीब 25 सेवा गतिविधियां होंगी। इनमें स्वच्छता, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत अभियान और सफाई कर्मचारियों व संतों का सम्मान प्रमुख हैं। यात्रा से दो दिन पहले संबंधित क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

वडनगर से वाराणसी आने वाले यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक करेंगे, जबकि वाराणसी से वडनगर जाने वाले यात्री उत्तर प्रदेश की नदियों का जल लेकर श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

पत्रकार वार्ता के अंत में यात्रा के लिए विशेष अभियान टी-शर्ट भी लॉन्च की गई। इस अवसर पर राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौड़, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित मिश्रा, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमनदीप सिंह, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी और संतोष सोलापुरकर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़े   वन विभाग ने बस की डिग्गी से बरामद किए 28 तोते के नवजात शिशु

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *