50-50 हजार के दो इनामिया चित्रकूट से गिरफ्तार

50-50 हजार के दो इनामिया चित्रकूट से गिरफ्तार

STF को मिली बड़ी सफलता

rajeshswari

लखनऊ/प्रयागराज (जनवार्ता) : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने प्रयागराज के धूमनगंज थाने में दर्ज हत्या के मामले में 50-50 हजार रुपये के इनामी दो अभियुक्तों को चित्रकूट से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इरफान अहमद पुत्र मकबूल अहमद और मोहम्मद हुसैन पुत्र हसनैन के रूप में हुई है, दोनों प्रयागराज के मरियाडीह इलाके के रहने वाले हैं।

STF की टीम ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार को शाम 5:05 बजे मनिकपुर रेलवे स्टेशन के सामने से दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने कबूल किया कि 21 अक्टूबर को मुंडेरा चुंगी पेट्रोल पंप पर सवेंद्र कुमार पुत्र केशव लाल (जो पेट्रोल भरवा रहा था) की पुराने विवाद के चलते ईंट-पत्थर से मारकर हत्या कर दी थी। मृतक के भाई नरेंद्र कुमार उर्फ राजन पासी ने इस घटना के संबंध में धूमनगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें धारा 103(1), 352, 191(2), 3(5) बीएनएस और 3(2)5 एससी/एसटी एक्ट के तहत कार्रवाई हुई।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के डर से दोनों जगह-जगह छिपकर घूम रहे थे। STF के अपर पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में उ0नि0 अमित कुमार तिवारी की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में मु0आरक्षी आलोक कुमार पाण्डेय, अमित कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार वर्मा, स्वरूप कुमार पाण्डेय और आरक्षी आदित्य पाल शामिल थे।

अभियुक्त इरफान अहमद का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, चोरी, विस्फोटक पदार्थ और जुआ अधिनियम सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें धूमनगंज, सिविल लाइंस और बारा थानों में मामले शामिल हैं। दोनों अभियुक्तों को धूमनगंज थाने के सुपुर्द कर दिया गया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इसे भी पढ़े   कर्मचारी की घिनौनी हरकत,खाने के पैकेट में थूकने का वीडियो वायरल- FIR दर्ज
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *