सिवान में पिता ने 15 वर्षीय बेटी को गोली मारकर उतारा मौत के घाट
ट्रेन के आगे कूदकर की खुदकुशी की कोशिश

सिवान (बिहार) । गुस्से की आग में जलकर एक पिता ने अपनी सगी बेटी की जान ले ली। सिवान जिले के जीरादेई थाना क्षेत्र के ठेपहां गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अखिलेश कुशवाहा (पिता) ने अपनी 15 वर्षीय पुत्री राधिका कुमारी को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के तुरंत बाद आरोपी पिता स्टेशन पहुंचा और ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार, अखिलेश कुशवाहा सोमवार रात अपनी बेटी राधिका को दिल्ली से लेकर घर लौटा था। लंबी यात्रा के कारण राधिका सुबह सो रही थी। इसी दौरान पिता-पुत्री के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आकर अखिलेश ने लाइसेंसी बंदूक से बेटी पर गोली चला दी। गोली लगते ही राधिका की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद अखिलेश जीरादेई स्टेशन पहुंचा और आत्महत्या की नीयत से ट्रेन के सामने कूद गया। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। इलाज के लिए उसे सिवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि अखिलेश का अपनी पत्नी से लगातार विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने बेटी की हत्या की। हालांकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भिजवाया।
थानाध्यक्ष ने बताया, “प्रारंभिक जांच में पत्नी से विवाद के चलते हत्या की बात सामने आई है। आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।”
इस घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पारिवारिक कलह की भयावह परिणति बताया। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

