यूपी में ठंड और कोहरे का कहर जारी, कानपुर रहा सबसे ठंडा शहर

यूपी में ठंड और कोहरे का कहर जारी, कानपुर रहा सबसे ठंडा शहर

लखनऊ (जनवार्ता) : उत्तर प्रदेश में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। घने कोहरे और शीतलहर के कारण भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है, जिससे सड़क यातायात और दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। दिन में भी सूरज के दर्शन मुश्किल हो रहे हैं, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

rajeshswari

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और पश्चिमी यूपी दोनों हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर और कुशीनगर जैसे शहरों में जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई। प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इसे सबसे ठंडा शहर बनाता है।

गुरुवार को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर समेत 14 से अधिक जिलों में घने कोहरे के साथ शीतलहर का रेड अलर्ट है। इन क्षेत्रों में दृश्यता बेहद कम रहने की आशंका है।

इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशांबी, जौनपुर और अयोध्या में मध्यम कोहरा रहेगा, जहां ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है। आगरा, मथुरा, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर और इटावा में हल्का कोहरा संभव है।

राजधानी लखनऊ में सुबह घना कोहरा छाने से येलो अलर्ट है, जबकि नोएडा और आसपास मध्यम कोहरा रहेगा। तापमान में 2-3 डिग्री की और गिरावट से दिन में भी कड़ाकी ठंड महसूस हो रही है।

इसे भी पढ़े   दबंगों ने घर का रास्ता रोका, पीड़ित का आरोप

बीएचयू के मौसम विशेषज्ञ प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 19 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे यूपी में ठंड और बढ़ सकती है।

यात्रियों और ड्राइवरों से सावधानी बरतने की अपील की गई है, क्योंकि कोहरे से हादसों का खतरा बढ़ गया है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े और अलाव का सहारा लेने की सलाह दी जा रही है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *