अखिल भारतीय कवि सम्मेलन व संगीत महोत्सव 10 जनवरी को, कमलेश मिश्र राजहंस का होगा सारस्वत नागरिक अभिनंदन
सोनभद्र (जनवार्ता)। सोन संगीत फाउंडेशन के तत्वावधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं संगीत महोत्सव का भव्य आयोजन 10 जनवरी, शनिवार की शाम 6 बजे सोनभद्र नगर स्थित स्वामी विवेकानंद प्रेक्षागृह में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और साहित्य-संगीत प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष सुशील मिश्रा ने बताया कि इस अवसर पर ओज के शिखर, अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त वरिष्ठ कवि कमलेश मिश्र ‘राजहंस’ का सारस्वत नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। साथ ही सोन संगीत फाउंडेशन द्वारा साहित्य, संगीत और कला के क्षेत्र में योगदान देने वाली कई नामचीन हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा।
कवि सम्मेलन में आजमगढ़ से शायर अहमद आजमी, प्रयागराज से शारिक मखदूम फूलपुरी, भदोही से संदीप कुमार बालाजी सहित जनपद की चर्चित कवयित्री कौशल्या कुमारी चौहान, गीतकार ईश्वर विरागी, प्रद्युम्न त्रिपाठी, अशोक तिवारी, धर्मेश चौहान, विवेक चतुर्वेदी, सुनील चौचक, दयानंद दयालू, दिलीप सिंह दीपक, जयराम सोनी, प्रभात सिंह चंदेल तथा चंदौली से शिवदास कवि काव्य पाठ करेंगे।
कवि सम्मेलन के उपरांत रात्रि 8 से 11 बजे तक सरस संगीत महोत्सव होगा, जिसमें भोजपुरी गायक चंदन सिंह मधुर और बिहार की लोक गायिका रेशमी शर्मा अपने संगीत समूह के साथ प्रस्तुति देंगी।

