हाथरस : सीएमओ कार्यालय में महिला बाबू रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार
हाथरस (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय में छापा मारा। इस दौरान टीम ने बबीता सिंह नामक महिला बाबू को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।


जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला बाबू ने बी-फार्मा के एक मेडिकल छात्र से इंटर्नशिप के नाम पर 5000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत मिलने पर अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और सीएमओ कार्यालय में कार्रवाई करते हुए रिश्वत की रकम लेते समय बबीता सिंह को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी महिला बाबू को महिला थाने ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। टीम द्वारा आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। इस कार्रवाई के बाद सीएमओ कार्यालय सहित स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

