संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, मां ने थाने में दी तहरीर
प्रेम संबंध विवाद की आशंका; ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
चौबेपुर (जनवार्ता)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पुरानपट्टी गांव में रविवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर धरना समाप्त कराया तथा सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इस संबंध में निवासी सरिता देवी पत्नी स्व. केदार ने थाना चौबेपुर में प्रार्थना पत्र देकर अपने पुत्र दिलीप राजभर की मौत के मामले में जांच कर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
प्रार्थिनी के अनुसार, बीते माह 29 तारीख को दोपहर में उसके पुत्र दिलीप राजभर के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसमें सिर में चोट लगने से वह बेहोश हो गया। आरोप है कि विपक्षीगण उसे अपने साथ लेकर चले गए। प्रार्थिनी ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि इस पूरे मामले का कारण पारिवारिक व प्रेम संबंध से जुड़ा विवाद है।
सरिता देवी के अनुसार, बीते शनिवार रात उनके पुत्र दिलीप की मृत्यु हो गई। उन्होंने थानाध्यक्ष चौबेपुर को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को तहरीर मिल गई है। थाना प्रभारी चौबेपुर अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पीएम रिर्पोट के लिए भेज दिया गया है मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

