बरेका में 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता का जोरदार शुभारंभ
उद्घाटन मैचों में शानदार जीत
वाराणसी (जनवार्ता) : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में बुधवार को 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता (पुरुष/महिला) का भव्य शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 21 फरवरी तक बरेका खेलकूद स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जिसमें भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों की टीमें अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।


प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं बरेका खेल संघ के अध्यक्ष सुशील कुमार श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने रंग-बिरंगे गुब्बारों को आकाश में उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने खेल भावना, अनुशासन तथा टीम वर्क के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बनारस रेल इंजन कारखाना, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड तथा पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स जैसी टीमें भाग ले रही हैं। महिला वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे तथा पश्चिम रेलवे की टीमें मैदान में उतरी हैं।
उद्घाटन मैच में मेजबान बनारस रेल इंजन कारखाना की पुरुष टीम ने दक्षिण मध्य रेलवे को 19-13 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। महिला वर्ग के पहले मैच में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने उत्तर रेलवे को 24-16 से पराजित कर विजयी शुरुआत की।
मैच के दौरान दर्शकों ने खिलाड़ियों का लगातार उत्साहवर्धन किया और मैदान पर रोमांचक माहौल बनाए रखा।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य इंजीनियर शैलेंद्र कुमार सिंह, मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) एवं महासचिव बरेका खेल संघ सुनील कुमार, क्रीड़ा अधिकारी धनंजय सिंह, संयुक्त सचिव कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी संघ के सदस्य तथा बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश कुमार पाण्डेय ने किया।
यह प्रतियोगिता भारतीय रेलवे के विभिन्न जोनों के खिलाड़ियों के लिए प्रतिभा प्रदर्शन का उत्कृष्ट मंच साबित हो रही है।

