वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर गूंजे सड़क सुरक्षा के नारे
एनएसएस स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को किया जागरूक
वाराणसी (जनवार्ता)। हरिश्चंद्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने आज द्वितीय एक दिवसीय शिविर के दौरान एक प्रभावी सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया। शिविर बावन बीघा परिसर (हरिश्चंद्र पी.जी. कॉलेज, आजमगढ़ रोड) में चल रहा है, जिसका मुख्य फोकस ‘सड़क सुरक्षा’ रहा।


रैली में एनएसएस के दर्जनों स्वयंसेवक-स्वयंसेविकाओं ने बनियापुर, आदमपुर, तारापुर, रजनहिया और हरिबलमपुर गांवों में स्लोगन-पोस्टर के साथ जन-जागरण अभियान चलाया। उन्होंने ग्रामीणों को हेलमेट की अनिवार्यता, सीट बेल्ट का उपयोग, ट्रैफिक लाइट के रंगों का अर्थ, सड़क पार करने की सावधानियां तथा जीवन की अमूल्यता के बारे में विस्तार से बताया।
“सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” जैसे जोरदार नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। रैली आदमपुर से शुरू होकर बनियापुर होते हुए वापस शिविर स्थल पर समाप्त हुई। वहां स्वयंसेवकों को अल्पाहार के बाद एनएसएस की परंपरागत ‘एनएसएस ताली’, ‘स्वागत ताली’ और ‘विशेष ताली’ का सामूहिक अभ्यास कराया गया, जिससे शिविर में अनुशासन और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शिवानंद यादव, प्रो. वंदना पाण्डेय, श्रीमती दिव्यानी बरनवाल, श्री राजेन्द्र प्रसाद और श्रीमती प्रज्ञा ओझा ने स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी पहलें समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करती हैं।

