घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपये महंगा, सपा कार्यकर्ताओं ने पन्नूगंज रोड पर किया जोरदार प्रदर्शन
सोनभद्र (जनवार्ता)! केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पन्नूगंज रोड पर भारी प्रदर्शन किया। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने ‘भाजपा हटाओ, महंगाई भगाओ’ के नारे लगाते हुए केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला।


सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने जनता को महंगाई की आग में झोंक दिया है। आज महिलाएं सबसे ज्यादा परेशान हैं। आटा, चावल, दाल, चीनी, बच्चों की पढ़ाई और घर का पूरा बजट बिगड़ चुका है। आम आदमी की थाली से रोटी छिन रही है।
महिला नेता गीता भारती ने भाजपा को महिला विरोधी सरकार बताते हुए कहा कि यह सरकार महिलाओं के खिलाफ काम कर रही है। गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने से रसोई का खर्चा आसमान छू रहा है, जिसका बोझ सीधे महिलाओं पर पड़ रहा है।
सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि महंगाई ने पूरे देश और प्रदेश की जनता को त्रस्त कर दिया है। घरेलू के साथ कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं। आटा, चावल, दाल, चीनी, शिक्षा—सब कुछ इस सरकार में महंगा हो गया है। जनता अब चुप नहीं बैठेगी।
प्रदर्शन में सुशीला भारती, संतोषी भारती, नंदनी बिंद, आजाद पटेल, सुरेश अग्रहरि, जुनैद अंसारी, अरविंद सरोज, मुन्ना कुशवाहा और हिफाजत सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से महंगाई पर तुरंत नियंत्रण और गैस सिलेंडर के दाम घटाने की मांग की।

