वाराणसी : अलविदा की नमाज पर सुरक्षा व्यवस्था रही दुरुस्त
वाराणसी (जनवार्ता)। पुलिस कमिश्नरेट ने रमजान के आखिरी शुक्रवार यानी अलविदा की नमाज के अवसर पर शहर में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुनिश्चित किया। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी के नेतृत्व में प्रमुख मस्जिदों में पुलिस बल की मजबूत मौजूदगी रही और नमाज के बाद थानों का निरीक्षण भी किया गया।

अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) आलोक प्रियदर्शी ने थाना सारनाथ क्षेत्र के पुराना पुल बड़ी ईदगाह मस्जिद में अलविदा की नमाज की व्यवस्था का जायजा लिया। थानाध्यक्ष सारनाथ एवं पुलिस बल के साथ नमाज संपन्न कराई गई। इसी क्रम में थाना कैंट अंतर्गत नदेसर मस्जिद में पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन प्रमोद कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त कैंट नितिन तनेजा एवं प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। थाना लोहता क्षेत्र की मस्जिद में अलविदा नमाज के पश्चात प्रभारी निरीक्षक लोहता के साथ थाना परिसर का भ्रमण एवं निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान आलोक प्रियदर्शी ने संबंधित थानों के अधिकारियों-कर्मचारियों से मुलाकात की, व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि त्योहारों के दौरान जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस किसी भी असामाजिक तत्व या गतिविधि पर सख्त नजर रखेगी और शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने अलविदा की नमाज को पूरी शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न कराने में सफलता हासिल की है। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे पुलिस प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।

