वाराणसी: काशी नरेश की कार ट्रक से टकराई; सभी सुरक्षित
वाराणसी (जनवार्ता) । मिर्जामुराद क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नेशनल हाईवे-19 पर एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने काशी नरेश डॉ. अनंत नारायण सिंह की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन गनीमत रही कि काशी नरेश, उनके परिवार के सदस्य और सुरक्षा कर्मी पूरी तरह सुरक्षित रहे। किसी को कोई चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, काशी नरेश अपने रामनगर स्थित राजपरिवार के ऐतिहासिक किले से परिवार और सुरक्षा कर्मियों के साथ कार से प्रयागराज जा रहे थे। मिर्जामुराद के समीप हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज गति वाले ट्रक ने उनकी कार के पिछले हिस्से में भीषण टक्कर मार दी। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि कार ट्रक के अगले हिस्से में लगभग 10 मीटर तक घिसटती चली गई।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद थाने की पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और हाईवे पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही समय में आवागमन सामान्य हो गया।

