सोनभद्र में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, पति ने लोहे की रॉड से पत्नी की हत्या
सोनभद्र (जनवार्ता)! छोटी सी बात पर गुस्सा इतना भड़का कि पति ने पत्नी को लोहे की रॉड से सिर पर वार कर दर्दनाक मौत के घाट उतार दिया। यह घटना बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम महुआबारी में मंगलवार की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। मृतका की पहचान सुमन देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति कन्हैया (पुत्र केवल राम, निवासी म्योरपुर) को पुलिस ने तुरंत हिरासत में ले लिया है।

मिली जानकारी के मुताबिक कन्हैया अपनी पत्नी सुमन देवी के साथ ससुराल में रह रहा था। रात करीब 11:30 बजे दोनों के बीच मोबाइल फोन के उपयोग को लेकर विवाद शुरू हो गया। कहासुनी तेज हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। गुस्से में आए कन्हैया ने लोहे की रॉड उठाकर पत्नी के सिर पर जोरदार वार कर दिया। सुमन देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की पीआरबी टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत एनटीपीसी स्थित धनवंतरी अस्पताल, बीजपुर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी हालत देखते हुए पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान सुमन देवी की मौत हो गई।
मृतका की भतीजी आरती ने बताया कि विवाद मोबाइल फोन को लेकर था। परिवार के अन्य सदस्यों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन कन्हैया ने इसे अपना व्यक्तिगत मामला बताते हुए किसी की नहीं सुनी और क्रोध में हमला बोल दिया।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी कन्हैया को हिरासत में ले लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच की जा रही है, फिलहाल पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

