कौशांबी : जमीन बंटवारे के विवाद में दो सगे भाइयों ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या
कौशांबी (जनवार्ता) । जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार में चल रहे विवाद ने दिल दहला देने वाला रूप ले लिया। कौशांबी जिले के महेवा घाट थाना क्षेत्र के अजरौली गांव में शनिवार देर शाम दो सगे भाइयों ने अपने 60 वर्षीय पिता नथन सरोज की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटों ने शव को खेत में छिपाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने शव बरामद कर लिया।

पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि नथन सरोज खेत से घर लौट रहे थे, तभी उनकी पहली पत्नी कलुटिया के बेटे झुरई और लवलेश ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में नथन सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद दोनों आरोपी शव को छिपाकर फरार हो गए।
नथन सरोज की दो शादियां हुई थीं। पहली पत्नी कलुटिया से उनके दो बेटे झुरई और लवलेश हैं, जबकि दूसरी पत्नी सावित्री से राहुल नाम का एक बेटा है। परिवार में जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। झुरई और लवलेश चाहते थे कि पिता अपनी जमीन में सौतेले भाई राहुल को कोई हिस्सा न दें, लेकिन नथन सरोज ने राहुल को जमीन का एक-तिहाई हिस्सा देने का फैसला कर लिया था। इसी बात पर दोनों भाई नाराज थे।
दूसरी पत्नी सावित्री (राहुल की मां) की तहरीर पर महेवा घाट पुलिस ने झुरई और लवलेश के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों आरोपी अभी फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार में संपत्ति बंटवारे को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे, लेकिन यह विवाद इतना उग्र रूप ले लेगा, इसका किसी को अंदाजा नहीं था।
पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को आरोपी भाइयों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत थाने में सूचना दें।

