डीजल पर 43 रुपये का बोझ उठा रही सरकार: मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण डीजल करीब 50 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हो सकता था, लेकिन सरकार ने केवल सात रुपये की बढ़ोतरी की। शेष 43 रुपये प्रति लीटर का बोझ सरकार स्वयं उठा रही है। इससे हर महीने करीब 14 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। उन्होंने बताया कि कच्चे तेल की कीमत 70 डॉलर से बढ़कर 122 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई, जबकि पड़ोसी देशों में डीजल के दाम 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़े।

खाद पर 16 लाख करोड़ खर्च
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में किसानों को सस्ती खाद उपलब्ध कराने के लिए 16 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब पांच हजार रुपये का डीएपी का 50 किलो का बैग किसानों को 1,300 रुपये में दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में देश की कृषि विकास दर चार प्रतिशत से अधिक रही है। भारत हर साल चार लाख करोड़ रुपये से अधिक के कृषि उत्पादों का निर्यात कर रहा है। इस दौरान दूध उत्पादन में 70 प्रतिशत, अंडा उत्पादन में 90 प्रतिशत और मछली उत्पादन में दोगुने से अधिक वृद्धि हुई है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि पीएम-कुसुम योजना के तहत करीब 12 लाख सोलर पंप लगाए गए हैं। देश में 8,400 से अधिक मृदा परीक्षण प्रयोगशालाएं, 7,500 से अधिक कृषि विज्ञान केंद्र और 10 हजार किसान उत्पादक संगठन कार्यरत हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती और फसल विविधीकरण अपनाने का आग्रह करते हुए कहा कि कृषि को आधुनिक बनाना विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जरूरी है।

