मिर्जामुराद में पुलिस के दौड़ाते ही ट्रेलर में घुसी बकरी लदी डीसीएम, चालक की मौत…
मिर्जामुराद (जनवार्ता)।क्षेत्र के कछवांरोड ओवरब्रिज पर रविवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बकरियों से लदी डीसीएम ट्रक खड़े ट्रेलर में पीछे से जा भिड़ी। हादसे में डीसीएम चालक की केबिन में फंसकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में लदी दर्जनों बकरियों की भी मौके पर मौत हो गई।


बताया जाता है कि बकरियों से लदी डीसीएम हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार पुलिस कर्मियों के दौड़ाने पर चालक ने वाहन की रफ्तार तेज कर दी। आगे पहले से खराब खड़े ट्रेलर में डीसीएम पीछे से जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना पर मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय व कछवांरोड चौकी प्रभारी रामचंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से जक्खिनी स्थित सीएचसी भेजा गया। वहीं केबिन में फंसे चालक के शव को क्रेन की सहायता से बाहर निकलवाया गया।
हादसे के बाद जहां कुछ लोग राहत कार्य में जुटे रहे, वहीं कई लोग मौके का फायदा उठाकर बकरियां लेकर भागते नजर आए। स्थानीय लोगों के अनुसार कुछ लोग चार पहिया वाहन में बकरियां लादकर फरार हो गए। पुलिस ने कुछ लोगों को दौड़ाया, लेकिन वे भाग निकले।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक चालक की पहचान गाड़ी में मिले आधार कार्ड के आधार पर संदीप सिंह (25) पुत्र रामबरन निवासी ग्राम मीरपुर मजरे पूरा, पोस्ट ऐलई, खागा (फतेहपुर) के रूप में हुई है। अन्य घायलों की पहचान कराई जा रही है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए इन दिनों कारखास की नियुक्ति की गई है, जिसको लेकर पुलिसकर्मियों में आपसी विवाद और वसूली की चर्चाएं भी सामने आती रही हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

