आराजी लाइन क्षेत्र के विद्यालयों में धूमधाम से मनाया गया प्रवेश उत्सव
स्कूल चलो अभियान के तहत नवीन सत्र के पहले दिन बच्चों का चंदन तिलक, फूलमाला और मिठाइयों से स्वागत
वाराणसी (जनवार्ता)। राजातालाब के आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र में नए शैक्षणिक सत्र के पहले दिन स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत 157 विद्यालयों में प्रवेश उत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। सभी विद्यालयों को फूलमालाओं, रंग-बिरंगी झंडियों और गुब्बारों से सजाया गया। नव प्रवेशी बच्चों का चंदन तिलक लगाकर, फूलों की मालाएं पहनाकर और मिष्ठान वितरित कर भव्य स्वागत किया गया।


प्रथम दिवस पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहनों, एएनएम, ग्राम प्रधानों तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में बैठकें आयोजित की गईं। इनमें बाल वाटिका और प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों के प्रवेश के लिए अभिभावकों को प्रेरित किया गया।
विभिन्न विद्यालयों में बच्चों और अभिभावकों ने स्कूल चलो अभियान के बैनर लेकर रैलियां निकालीं। रैलियों के माध्यम से स्थानीय जनसमुदाय को अपने बच्चों को विद्यालय में नियमित प्रवेश दिलाने और निरंतर भेजने की अपील की गई।
नए सत्र के पहले दिन सभी छात्र-छात्राओं को निशुल्क पाठ्यपुस्तकें वितरित की गईं।
खंड शिक्षा अधिकारी शशिकांत श्रीवास्तव ने यूपीएस भिखारीपुर और कन्या यूपीएस जनसा में नव प्रवेशी बच्चों को तिलक लगाकर, कॉपी-पेन तथा चॉकलेट देकर स्वागत किया। उन्होंने सभी शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर 6 से 14 वर्ष के सभी बच्चों का अनिवार्य नामांकन सुनिश्चित करें तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास करें।
इसी क्रम में प्राइमरी स्कूल मण्डुवाडीह (अंग्रेजी माध्यम), काशी विद्यापीठ में प्रधानाचार्य सरिता राय ने बच्चों को तिलक लगाकर, मिष्ठान वितरित कर और नई पाठ्यपुस्तकों के साथ हार्दिक स्वागत किया। स्कूल को रंग-बिरंगी झंडियों और गुब्बारों से सजाया गया। बच्चों और अभिभावकों में नए सत्र को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
प्रवेश उत्सव के माध्यम से क्षेत्र के सभी विद्यालयों में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ड्रॉपआउट रोकने का संदेश प्रभावी ढंग से दिया गया।

