होमगार्ड जवान पर पत्रकार से अभद्रता का आरोप
जिला कमांडेंट ने बैठाई जांच
वाराणसी (जनवार्ता)। लोहता थाना के ग्राम कोटवा के एक व्हाट्सएप ग्रुप में पत्रकार के खिलाफ कथित रूप से अभद्र, अपमानजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कमांडेंट होमगार्ड बृजेश कुमार मिश्रा ने जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच की जिम्मेदारी संबंधित इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पत्रकार अरुण कुमार सिंह ने जिला कमांडेंट होमगार्ड को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पैतृक भूमि से जुड़े लंबे समय से चले आ रहे विवाद में प्रशासनिक कार्रवाई के बाद उन्होंने गांव के व्हाट्सएप ग्रुप में केवल “सच्चाई की जीत हुई” लिखकर अपनी खुशी व्यक्त की थी। इसके बाद ग्राम कोटवा निवासी इंद्र बहादुर सिंह उर्फ अंकुल सिंह, जो होमगार्ड का जवान है, ने उसी ग्रुप में उनके विरुद्ध कथित रूप से आपत्तिजनक, अभद्र और मानहानिकारक टिप्पणियां कीं।
प्रार्थना पत्र में पत्रकार ने कहा है कि वह पिछले लगभग 27 वर्षों से निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है तथा उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराए हैं।
पत्रकार ने दोषी होमगार्ड जवान के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा अन्य लागू विधिक प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
उधर, जिला कमांडेंट बृजेश कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच संबंधित इंस्पेक्टर को सौंप दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक विभागीय एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कर्मचारी द्वारा सोशल मीडिया पर अनुशासनहीन या अमर्यादित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

