नासिक : कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 6 बच्चों समेत 9 लोगों की मौत

नासिक : कुएं में गिरी कार, एक ही परिवार के 6 बच्चों समेत 9 लोगों की मौत

नासिक (जनवार्ता): महाराष्ट्र के नासिक जिले के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शिवाजी नगर इलाके में एक मारुति XL6 कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पानी से भरे गहरे कुएं में जा गिरी, जिसमें सवार एक ही परिवार के 9 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में 6 नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं।

rajeshswari

हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जब दरगुडे परिवार के सदस्य डिंडोरी में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर इंदौर गांव स्थित अपने घर लौट रहे थे। अंधेरे में ड्राइवर की नजर कुएं पर नहीं पड़ी और कार सीधे उसमें समा गई।

मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है। सुनील दत्तु दरगुडे 32 वर्ष, उनकी पत्नी रेशमा सुनील दरगुडे, आशा अनिल दरगुडे 32 वर्ष और परिवार के 6 बच्चे जिनमें 7 से 14 वर्ष की आयु की पांच लड़कियां तथा एक 11 वर्षीय लड़का शामिल है। सभी मृतक दिंडोरी तालुका के इंदौर गांव के रहने वाले थे।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। देर रात दो क्रेनों और तैराकों की मदद से कार को कुएं से बाहर निकाला गया। सभी को दिंडोरी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में वाहन अनियंत्रित होने और रात के अंधेरे में कुएं की अनदेखी को मुख्य वजह बताया जा रहा है।

इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में मातम का माहौल है। एक ही परिवार के 9 सदस्यों के चले जाने से लोग सदमे में हैं। परिवार के बचे हुए सदस्यों और गांववासियों ने गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

इसे भी पढ़े   जैन मुनि मणिभद्र महाराज का राजातालाब में भव्य स्वागत

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस दुर्घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है और मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *