बहराइच : घर के अंदर मच्छरदानी में सो रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला

बहराइच : घर के अंदर मच्छरदानी में सो रही बच्ची पर तेंदुए ने किया हमला

मां की बहादुरी से बची जान

बहराइच । जिले में तेंदुए के हमले की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज स्थित ईदगाह पुरवा गांव में मंगलवार सुबह एक तेंदुआ घर में घुस आया और मां के साथ मच्छरदानी में सो रही छह वर्षीय बच्ची पर हमला कर दिया। तेंदुआ बच्ची को मुंह में दबाकर बाहर ले जाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान बेटी की चीख सुनकर जागी मां ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए तेंदुए से मुकाबला किया और अपनी जान की परवाह किए बिना बेटी को उसके चंगुल से छुड़ा लिया।

rajeshswari

जानकारी के अनुसार, ईदगाह पुरवा निवासी राजेश की छह वर्षीय बेटी दिव्या अपनी मां बिंद्रावती के साथ घर में मच्छरदानी के अंदर सो रही थी। मंगलवार सुबह अचानक तेंदुआ घर में घुस आया और बच्ची को दबोच लिया। वह उसे घसीटकर बाहर ले जाने लगा। बच्ची की आवाज सुनकर मां की नींद खुल गई। बेटी को तेंदुए के कब्जे में देख बिंद्रावती ने हिम्मत नहीं हारी और उससे भिड़ गईं। मां के साहस के आगे तेंदुए को बच्ची छोड़कर भागना पड़ा। इसके बाद वह खेतों की ओर निकल गया।

तेंदुए के हमले में दिव्या घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह ने प्राथमिक उपचार किया। बच्ची की हालत को देखते हुए उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बच्ची के चाचा कुशमेश सिंह, उमेश सिंह, राजेश सहित कई ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए के हमले लगातार बढ़ रहे हैं और अब जंगली जानवर घरों के अंदर तक पहुंचने लगे हैं। इससे बच्चों और परिवारों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।

इसे भी पढ़े   जिलाधिकारी ने जनता दर्शन में समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। सुजौली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नीरज श्रीवास्तव ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा। इसके साथ ही आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *