सारनाथ बाइक हटाने को कहने पर पुलिसकर्मी पर तीन युवकों का हमला
स्मार्ट वॉच और 30 हजार रुपये लूटे
वाराणसी (जनवार्ता) । सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर इलाके में बम निरोधक दस्ते में तैनात एक पुलिसकर्मी को सड़क पर खड़ी बाइक हटाने के लिए कहने पर तीन युवकों ने उन्हें घेरकर बुरी तरह पीटा और उनकी स्मार्ट वॉच व 30 हजार रुपये नकद लूट ले गए।

पीड़ित पुलिसकर्मी रविंद्र सिंह बाजार से अपने बच्चे के कपड़े खरीदकर लौट रहे थे। उन्होंने सड़क पर बेतरतीब लगाए खड़ी एक बाइक को हटाने के लिए कहा तो तीनों युवक भड़क गए। उन्होंने पहले गाली-गलौज शुरू किया। जब रविंद्र सिंह ने डायल-112 पर सूचना देने के लिए मोबाइल निकाला, तो आरोपियों ने उनका फोन छीनकर पटक दिया और तोड़ डाला।
इसके बाद तीनों युवकों ने मिलकर पुलिसकर्मी को बुरी तरह मारपीट की। हमले के दौरान उन्होंने उनकी कलाई से स्मार्ट वॉच उतार ली और जेब से 30 हजार रुपये भी छीन लिए। वारदात के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए।
आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल रविंद्र सिंह को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
सारनाथ पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आशापुर निवासी अभिषेक पाण्डेय (पुत्र सुनील दत्त पाण्डेय) को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि घटना में शामिल लपेटू समेत दो अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस उन्हें जल्द ही गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।
गिरफ्तारी में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, सब इंस्पेक्टर मीनू सिंह, शिव नारायण और हेड कांस्टेबल विनोद कुमार की टीम शामिल रही।

