घरेलू कलह में मां ने ली मासूम की जान, खुद पर भी किया वार
गुरुग्राम में ढाई साल की बच्ची की हत्या, मां अस्पताल में भर्ती; पुलिस जांच जारी
गुरुग्राम, (जनवार्ता)। हरियाणा के गुरुग्राम में घरेलू विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। पति से कहासुनी के बाद एक महिला ने कथित तौर पर अपनी ढाई वर्षीय बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में कैंची से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। महिला गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस के अनुसार, महिला नेहा शर्मा जनवरी में बिजनौर से पति आधार शर्मा के पास गुरुग्राम रहने आई थी। सोमवार सुबह पति ड्यूटी पर गया था। दिनभर पत्नी का फोन न आने और कॉल रिसीव न होने पर शाम को वह घर लौटा तो फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद मिला।


मकान मालिक की मदद से दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचने पर बेडरूम में ढाई साल की अनिका मृत अवस्था में मिली, जबकि नेहा खून से लथपथ पड़ी थी। बच्ची को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, जबकि महिला का उपचार जारी है।
जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच गुरुग्राम में रहने और परिवार से अलग होने को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि महिला के स्वस्थ होने के बाद उसे गिरफ्तार किया जाएगा। बच्ची के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

