अलीपुर के मिनी स्टेडियम का होगा कायाकल्प, जर्जर भवन की जगह बनेगा नया
न रोशनी, न सुरक्षा गार्ड; शाम होते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा, महापौर ने तैयार कराया एस्टीमेट
नई दिल्ली (जनवार्ता)। बाहरी दिल्ली के अलीपुर स्थित मिनी स्टेडियम की बदहाल तस्वीर अब बदलने की तैयारी है। करीब 30 हजार की आबादी वाले क्षेत्र में युवाओं के खेलकूद के लिए बने इस स्टेडियम में लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मैदान, बैठने की सीढ़ियां और भवन जर्जर हालत में हैं। कहीं बिजली के पोल टूटे हैं तो कहीं ग्रिल क्षतिग्रस्त है। पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था नहीं होने से शाम होते ही परिसर में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा लगने लगता है।

स्टेडियम की बदहाली के कारण यहां खेलने आने वाले बच्चों और युवाओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद छात्राएं और कॉलेज के विद्यार्थी खेल गतिविधियों में रुचि दिखा रहे हैं। छात्राओं ने वॉलीबॉल खेलने के लिए अपने स्तर पर नेट की व्यवस्था भी की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, महापौर ने गत बुधवार को स्टेडियम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद परिसर में सफाई कराई गई, लेकिन लोगों का कहना है कि केवल सफाई से समस्या का समाधान नहीं होगा। मैदान की मरम्मत, टूटी ग्रिल और सीढ़ियों को ठीक कराने, पर्याप्त लाइट लगाने तथा सुरक्षा गार्ड तैनात करने की जरूरत है।
महापौर ने स्टेडियम के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा के लिए प्रत्येक मंगलवार को निरीक्षण की पहल की है। वहीं, स्टेडियम के कायाकल्प के लिए इंजीनियर को एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जर्जर भवन को गिराकर नया भवन बनाया जाएगा। यहां इनडोर खेल सुविधाएं विकसित करने के साथ करीब 80 प्रतिशत हिस्से में ओपन ग्राउंड रखा जाएगा। साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा समेत सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की योजना है।
स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि नियमित निरीक्षण और विकास कार्यों के बाद स्टेडियम युवाओं के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक खेल परिसर बन सकेगा।

