29 अप्रैल से 7 मई तक खेली जाएगी बनारस हॉकी लीग, बड़ा लालपुर में होगा आयोजन
महिला-पुरुष दोनों वर्गों की टीमें लेंगी हिस्सा, 16 अप्रैल तक पंजीकरण
वाराणसी, (जनवार्ता)। हॉकी वाराणसी और विकास इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में बनारस हॉकी लीग का आयोजन 29 अप्रैल से 7 मई तक डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल, बड़ा लालपुर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्गों की टीमें हिस्सा लेंगी। मैचों का आयोजन सुबह और शाम दो सत्रों में होगा।
हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए.के. सिंह ने गुरुवार को बताया कि लीग में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड में वाराणसी का पता होना अनिवार्य होगा। साथ ही लीग में भाग लेने के इच्छुक क्लबों और संस्थाओं को पहले प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण कराना होगा, जिसके बाद खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए आठ निर्णायकों का पैनल गठित किया जाएगा, जो मैचों के दौरान फैसले लेने में सहयोग करेगा। लीग के मुकाबलों का सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। इसके अलावा आयोजन स्थल पर इलेक्ट्रॉनिक स्कोर बोर्ड लगाने की तैयारी भी चल रही है। इस संबंध में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, वाराणसी मंडल और वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के बीच सहमति बन चुकी है।
लीग में भाग लेने की इच्छुक टीमें 16 अप्रैल तक हॉकी वाराणसी के सचिव के.बी. रावत या संयुक्त सचिव इदरीस अहमद से संपर्क कर सकती हैं।
आयोजकों के अनुसार, लीग का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को मंच उपलब्ध कराने के साथ-साथ शहर में हॉकी के प्रति जागरूकता और रुचि बढ़ाना है। इससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, जो आगे चलकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में मदद करेगा।
वाराणसी में हॉकी के बढ़ते उत्साह को देखते हुए यह लीग शहर की खेल संस्कृति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


