संभल : समधी के चक्कर में पति को रास्ते से हटाया!
पत्नी ने रची खूनी साजिश, 24 घंटे में पुलिस ने खोला राज
संभल । धनारी थाना क्षेत्र में अवैध संबंध की खातिर पत्नी ने अपने पति की निर्मम हत्या कर दी। पति को रास्ते से हटाने के लिए उसने अपने समधी के साथ मिलकर खौफनाक प्लान बनाया। लहसुन के खेत पर हुई इस हत्या का धनारी पुलिस ने मात्र 24 घंटे के अंदर पर्दाफाश कर दिया।

धनारी थाना क्षेत्र के गांव भिरावटी निवासी 42 वर्षीय किसान नरेश कुमार मंगलवार रात अपनी लहसुन की फसल की रखवाली करने खेत पर गए थे। बुधवार सुबह जब ग्रामीण खेत पर पहुंचे तो नरेश का शव लहसुन के खेत में पड़ा मिला। शरीर पर चोटों के निशान और गले पर दबाव के स्पष्ट चिह्न थे। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला बनता था।
मृतक की पत्नी शीला देवी ने घटना के तुरंत बाद गांव के कुछ लोगों पर आरोप लगाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन घटना के संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए धनारी पुलिस ने गहन जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
पुलिस ने सर्विलांस टीम और एसओजी की मदद से जांच तेज की। एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे सख्त पूछताछ की गई। इसके बाद मृतक की पत्नी शीला देवी से क्रॉस क्वेश्चनिंग की गई। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ।
जांच में पता चला कि शीला देवी का अपने बेटे के ससुर (समधी) से अवैध संबंध चल रहा था। समधी की पत्नी पहले ही गुजर चुकी थी। नरेश कुमार इस अवैध रिश्ते में बाधक बन रहे थे, इसलिए दोनों ने मिलकर उसे मारने की योजना बनाई।
तय प्लान के मुताबिक मंगलवार रात करीब 10 बजे दोनों खेत पर पहुंचे और नरेश कुमार का गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। हत्या के बाद समधी अपने गांव लौट गया, जबकि शीला देवी ने घटना को छिपाने के लिए जानबूझकर गांव वालों पर आरोप लगाए।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह, सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक रामवीर सिंह यादव और एसओजी प्रभारी बोबिंद्र शर्मा की टीम ने इस मामले को सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
एसपी संभल कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि धनारी थाना क्षेत्र के भिरावटी गांव में हुई किसान हत्या का मामला मात्र 24 घंटे में सुलझा लिया गया है। जांच में पत्नी और उसके समधी की संलिप्तता साबित हुई है। आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है।

