केवाल में धूमधाम से मनाई गई भगवान परशुराम जयंती, भक्तिमय माहौल में हुआ हवन-पूजन
सोनभद्र (जनवार्ता)। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर केवाल गांव में अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, कोन के तत्वावधान में भगवान श्री परशुराम की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया।

रविवार को आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की प्रतिमा के विधिवत गंगाजल अभिषेक से हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं ने अंगवस्त्र, यज्ञोपवीत, तिलक-चंदन अर्पित कर पुष्पमालाओं से भगवान का पूजन किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन संपन्न हुआ, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया।
हवन के उपरांत भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आरती के बाद सभी उपस्थित भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने भगवान परशुराम के आदर्शों एवं उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए समाज को धर्म, साहस और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सच्चिदानंद तिवारी (पूर्व पुलिस क्षेत्राधिकारी) ने कहा कि अक्षय तृतीया के दिन भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम का अवतरण हुआ था, जो ज्ञान, पराक्रम और अन्याय के अंत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भगवान परशुराम चिरंजीवी हैं और उन्होंने अधर्म का नाश कर धर्म की स्थापना की।
इस अवसर पर ब्राह्मण समाज के उपाध्यक्ष शशांक मिश्रा, सुशील चतुर्वेदी, अजय चतुर्वेदी, अनुपम त्रिपाठी, सतीश तिवारी, विद्यानंद तिवारी, वाचस्पति त्रिपाठी, संजय चतुर्वेदी, संदीप, कृपानंद तिवारी, अमरेश पांडेय, दिलीप त्रिपाठी, मीडिया प्रभारी हृदय निवास पांडेय सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। सभी के सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

