थाने में युवक की संदिग्ध मौत: SHO और सिपाही निलंबित, जांच शुरू

थाने में युवक की संदिग्ध मौत: SHO और सिपाही निलंबित, जांच शुरू

हाथरस (जनवार्ता)। जिले के चंदपा थाने में हिरासत के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव थाने के शौचालय में रोशनदान से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी और ड्यूटी पर तैनात सिपाही को निलंबित कर दिया है तथा मामले की जांच शुरू करा दी है।

rajeshswari


पुलिस के अनुसार, मृतक चंद्रपाल (30) गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का निवासी था। उसे गुरुवार को एक नाबालिग किशोरी को भगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। किशोरी के पिता ने उसके खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया था। पुलिस दोनों को गाजियाबाद से बरामद कर हाथरस लाई थी। किशोरी को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया था, जबकि चंद्रपाल को थाने में रखा गया था।


बताया गया कि रात करीब 9:50 बजे चंद्रपाल ने शौचालय जाने की बात कही। ड्यूटी पर मौजूद सिपाही उसे वहां ले गया। काफी देर तक बाहर न आने पर सिपाही को शक हुआ। अंदर जाकर देखा तो युवक गमछे के फंदे से लटका हुआ था। उसे तुरंत नीचे उतारकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


मृतक के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बड़े भाई ने दावा किया कि पुलिस ने पहले उनके पिता को तीन दिन तक अवैध हिरासत में रखा था और बाद में चंद्रपाल को बुलाने का दबाव बनाया। उन्होंने युवक की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

इसे भी पढ़े   शराब,छापेमारी और मौत,बिहार के मुजफ्फरपुर में थाने के अंदर अग्निकांड की…


किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि चंद्रपाल उसे जबरन अपने साथ ले गया था और दोनों के बीच कोई प्रेम संबंध नहीं था।


पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में चंदपा थाना प्रभारी और ड्यूटी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है तथा उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है। थाने के सीसीटीवी फुटेज भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *