काशी में 29 अप्रैल को पीएम का ऐतिहासिक रोड शो, बीएलडब्ल्यू से काशी विश्वनाथ धाम तक 14 किमी का सफर
वाराणसी (जनवार्ता) : नरेंद्र मोदी 28 अप्रैल से अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री शहर में अब तक का सबसे लंबा रोड शो करेंगे। करीब 14 किलोमीटर लंबे इस रोड शो की शुरुआत बीएलडब्ल्यू से होकर काशी विश्वनाथ धाम पर समापन होगी।


भारतीय जनता पार्टी ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, रोड शो के दौरान पांच प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा। इन स्वागत स्थलों की जिम्मेदारी महिला कार्यकर्ताओं को सौंपे जाने की योजना है, जिससे कार्यक्रम में महिला भागीदारी को प्रमुखता मिल सके।
प्रधानमंत्री 28 अप्रैल को शाम लगभग 4 बजे वाराणसी पहुंचेंगे और आगमन के बाद बरेका ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में करीब 40 हजार महिलाओं से संवाद करेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए संगठन स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं और जिले भर से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। रात्रि विश्राम बरेका गेस्ट हाउस में प्रस्तावित है।
दौरे के दूसरे दिन 29 अप्रैल को सुबह प्रधानमंत्री का रोड शो बीएलडब्ल्यू से शुरू होने की संभावना है। तय रूट के अनुसार काफिला लहरतारा, पुलिस लाइन, चौकाघाट, लहुराबीर और मैदागिन मार्ग से होते हुए काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेगा। यहां प्रधानमंत्री बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे, जिसके बाद आगे के कार्यक्रमों के लिए रवाना होंगे।
गौरतलब है कि 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण का मतदान भी होना है। ऐसे में काशी में प्रस्तावित यह रोड शो राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा।

