घर में घुसकर युवक पर हमला, 15 दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
वाराणसी (जनवार्ता)। कैंट थाना क्षेत्र के लच्छीपुरा नदेसर में सिक्योरिटी सर्विस संचालक युवक पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित विकास पाण्डेय का आरोप है कि 24-25 जुलाई की रात कुछ लोगों ने घर में घुसकर उन्हें बाहर खींच लिया और लाठी-डंडे व लोहे की रॉड से हमला किया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गए।

पीड़ित के मुताबिक, घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद करीब 15 दिनों तक मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस कमिश्नर और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की। पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।
विकास पाण्डेय ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से आरोपी उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दे रहे हैं तथा समझौते का दबाव बना रहे हैं। उनका यह भी आरोप है कि अभी तक उनका मेडिकल परीक्षण नहीं कराया गया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई। कैंट थाना प्रभारी राजकिशोर पाण्डेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

