जिम में बर्थडे पार्टी बनी मौत का मैदान, तीन युवकों की गोली मारकर हत्या
बुलंदशहर, (जनवार्ता):
नगर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष रोड स्थित एक जिम में शनिवार देर रात आयोजित बर्थडे पार्टी उस समय खूनी संघर्ष में बदल गई, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना में तीन युवकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे जिम में बर्थडे पार्टी चल रही थी। डीजे पर नाच-गाने के बीच मनीष, आकाश और अमरदीप ने मजाक में बर्थडे बॉय के चेहरे पर केक लगा दिया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर बर्थडे बॉय और उसके साथियों ने तमंचे निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से मनीष, आकाश और अमरदीप गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े।
अत्यधिक रक्तस्राव के चलते तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। जिम को सील कर फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक आपस में रिश्तेदार थे, जिससे घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

