कानपुर : मां ने दो बेटियों संग खाया जहर, तीनों की मौत
कानपुर (जनवार्ता)। जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी दो मासूम बेटियों के साथ कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला का अपने पति से करीब 12 साल पहले तलाक हो चुका था। तलाक के बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ पिछले तीन वर्षों से मायके में रह रही थी। बताया जा रहा है कि पारिवारिक और मानसिक तनाव के चलते महिला ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।

