मातृ शक्ति से आशीर्वाद लेकर महिलाओं का आरक्षण करूंगा लागू : पीएम मोदी
सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे, दी 6350 करोड़ की सौगातें
वाराणसी (जनवार्ता)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को काशी पहुंचे और महिला सम्मेलन में मातृ शक्ति से आशीर्वाद मांगते हुए लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं के आरक्षण को लेकर बड़ा संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि इन दलों की वजह से महिला आरक्षण का प्रयास संसद में सफल नहीं हो पाया, लेकिन अब वे इसे लागू करके रहेंगे।

पीएम मोदी ने कहा, “काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री के नाते मुझे विकसित भारत के बड़े लक्ष्य की प्राप्ति के लिए आप सभी बहनों का आशीर्वाद चाहिए। यह लक्ष्य है । लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को उनका हक दिलाना। मैं आज मातृ शक्ति से आशीर्वाद लेने आया हूं।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ दिन पहले सपा और कांग्रेस जैसे दलों की वजह से हमारा यह प्रयास सफल नहीं हो पाया। लेकिन मैं आप सभी बहनों को भरोसा दिलाता हूं कि आपके आरक्षण का हक लागू करने में कोई कोर कसर नहीं छोडूंगा।”
इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों के लिए 6350 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 48 पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन शामिल है, जिनकी लागत 1050 करोड़ रुपये से अधिक है।
प्रमुख परियोजनाओं में वाराणसी-आजमगढ़ सड़क का चौड़ीकरण, कज्जाकपुरा व कादीपुर रेल ओवरब्रिज, भगवानपुर में 55 एमएलडी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, जल जीवन मिशन के तहत 30 ग्रामीण पेयजल योजनाएं, चंद्रावती घाट का पुनर्विकास, सारंगनाथ मंदिर का पर्यटन विकास और संत रविदास पार्क का सौंदर्याकरण शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने बनारस-पुणे और अयोध्या-मुंबई के बीच दो नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने 112 से अधिक नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी, जिनकी कुल लागत लगभग 5300 करोड़ रुपये है। इनमें 500 बिस्तरों वाला मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, अमृत 2.0 के तहत 13 सीवरेज व जल आपूर्ति योजनाएं, रामनगर में एकीकृत संभागीय कार्यालय, नगर निगम भवन, बाल आश्रय गृह और वाराणसी जंक्शन पर तीसरी-चौथी रेलवे लाइन के साथ गंगा नदी पर रेल-सह-सड़क पुल शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने बनास डेयरी के दूध उत्पादकों को 105 करोड़ रुपये से अधिक का बोनस भी सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने बार-बार महिला कल्याण पर जोर देते हुए नारी शक्ति को विकसित भारत का सबसे मजबूत स्तंभ बताया। उन्होंने कहा कि माता श्रृंगार गौरी, अन्नपूर्णा, विशालाक्षी, संकठा और मां गंगा की पावन भूमि काशी में आयोजित यह महिला सम्मेलन अत्यंत दिव्य रहा।

