यूपी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था खत्म, अब पोस्टपेड मोड में मिलेंगे कनेक्शन

यूपी में प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था खत्म, अब पोस्टपेड मोड में मिलेंगे कनेक्शन

लखनऊ, (जनवार्ता) । उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए राज्य में प्रीपेड स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब प्रदेश में स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मोड में संचालित होंगे और नए बिजली कनेक्शन भी पुरानी पोस्टपेड प्रणाली के तहत दिए जाएंगे। सरकार के इस फैसले से करीब 75 लाख उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रदेश में पिछले कई महीनों से प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही थीं। उपभोक्ताओं का आरोप था कि बिना सहमति के मीटरों को प्रीपेड मोड में बदल दिया गया, जिससे बैलेंस खत्म होते ही बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती थी। कई क्षेत्रों में सर्वर और बिलिंग संबंधी तकनीकी समस्याओं के कारण उपभोक्ताओं को परेशानी उठानी पड़ रही थी।
ऊर्जा विभाग के अनुसार, केंद्र सरकार की रिवैंप डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर योजना (RDSS) के तहत प्रदेश में पुराने मीटरों की जगह स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे थे। हालांकि, प्रीपेड व्यवस्था को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों और जनविरोध को देखते हुए सरकार ने अब सभी स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड मोड में संचालित करने का निर्णय लिया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर पहले से प्रीपेड मोड में हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से वापस पोस्टपेड प्रणाली में परिवर्तित किया जाएगा। साथ ही बिलिंग व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब प्रत्येक माह की 10 तारीख तक उपभोक्ताओं को बिल उपलब्ध कराया जाएगा और भुगतान के लिए 15 दिन का समय मिलेगा।
सरकार ने सिक्योरिटी मनी को लेकर भी उपभोक्ताओं को राहत दी है। विभाग के मुताबिक, पोस्टपेड व्यवस्था में लौटने वाले उपभोक्ताओं से सुरक्षा धनराशि एकमुश्त न लेकर चार किस्तों में ली जाएगी। इसके अलावा 30 अप्रैल तक के बकाया बिजली बिल को 10 किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई है।
ऊर्जा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि केवल एक महीने का बिल बकाया होने पर किसी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। इससे किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं को राहत मिलने की संभावना है।
उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए विभाग ने क्षेत्रवार हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। पूर्वांचल के लिए 8010968292, मध्यांचल के लिए 7669003409, पश्चिमांचल के लिए 7859804803, दक्षिणांचल के लिए 8010957826 तथा केस्को उपभोक्ताओं के लिए 8287835233 नंबर जारी किए गए हैं। इसके अलावा उपभोक्ता 1912 हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   यूपी के वो 'किले' जहां पिछड़ गई थी बीजेपी,उसी चक्रव्यूह से चुनावी समर का आगाज
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *