वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन का प्रवेश द्वार अवैध अतिक्रमण मुक्त
वाराणसी (जनवार्ता)। नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को कैंट रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार को अवैध वेंडरों से मुक्त कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया। रेल यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ठेला-खोमचे लगाकर अतिक्रमण करने वालों को हटाया गया।

नगर निगम के प्रवर्तन दल की अगुवाई में तहसीलदार शेषनाथ यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। अभियान में जिला पुलिस, आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने भी सक्रिय सहयोग दिया। कैंट स्टेशन से लेकर रोडवेज क्षेत्र तक तथा विजया नगरम मार्केट में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान अवैध वेंडरों ने काफी विरोध किया, जिससे क्षेत्र में कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिर भी प्रशासन ने दृढ़ता से कार्रवाई जारी रखी और सभी ठेले-खोमचे हटा दिए गए।
तहसीलदार शेषनाथ यादव ने बताया, “यात्रियों को हो रही असुविधा को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। स्टेशन के आसपास का क्षेत्र व्यवस्थित और सुरक्षित बनाना हमारा लक्ष्य है। यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि भविष्य में कोई भी अवैध अतिक्रमण न हो सके।”
कैंट स्टेशन के आसपास लंबे समय से अवैध वेंडरों की समस्या बनी हुई थी, जिससे रेल यात्री परेशान रहते थे। नगर निगम और पुलिस प्रशासन के इस संयुक्त अभियान से स्थानीय लोगों और यात्रियों ने राहत महसूस की है। प्रशासन का कहना है कि यात्रियों की सुविधा सर्वोपरि है और आगे भी ऐसे अभियान चलाकर शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा।

