चलती ट्रेन में एक और यात्री की गोली मारकर हत्या, डीडीयू रेल मंडल में दहशत
चंदौली (जनवार्ता)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल में चलती ट्रेनों में यात्रियों की हत्या की घटना लगातार दूसरे दिन सामने आने से रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सोमवार तड़के कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में एक यात्री की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी चलती ट्रेन से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में बिहार के गया जनपद निवासी 57 वर्षीय दिनेश साह अपने रिश्तेदारों के साथ धार्मिक यात्रा पर जा रहे थे। ट्रेन रात करीब 1:30 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रवाना हुई थी। इसी दौरान मुगलसराय ब्लॉक हट-बी सेक्शन के पास बाथरूम के समीप अज्ञात बदमाश ने उनके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही यात्री की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई। वाराणसी पहुंचने पर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के बाद चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। उसकी तलाश में टीमों का गठन किया गया है और यात्रियों सेए पूछताछ की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले रविवार सुबह मुगलसराय-ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में गाजीपुर के जमनिया निवासी 34 वर्षीय मंगरू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बदमाश शव को ट्रेन से नीचे फेंककर फरार हो गए थे। लगातार दो दिनों में ट्रेनों में हुई दो सनसनीखेज हत्याओं से यात्रियों में भय का माहौल है।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाते हुए यात्रियों ने ट्रेनों में पर्याप्त जांच, गश्त और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ दोनों मामलों की जांच में जुटी हुई हैं।

