यूपी में कुदरत का कहर: आंधी-तूफान और बारिश से 96 की मौत, कई जिलों में तबाही
लखनऊ (जनवार्ता)।
उत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान और बेमौसम बारिश ने भारी तबाही मचा दी। राज्यभर में अब तक 96 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं और विभिन्न अस्पतालों में उनका इलाज जारी है।
तेज हवाओं की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई जिलों में पेड़ और बिजली के खंभे धराशायी हो गए, जिससे सड़क यातायात बाधित हो गया और कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार भदोही में सबसे अधिक 18 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद प्रयागराज में 17 और मिर्जापुर में 15 लोगों की जान गई है। फतेहपुर में 10 मौतें दर्ज की गई हैं। उन्नाव और बदायूं में 6-6 लोगों की मौत हुई है, जबकि प्रतापगढ़ में 4 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। सीतापुर, रायबरेली, चंदौली, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2 लोगों की मौत हुई है, वहीं कौशांबी, शाहजहांपुर, सोनभद्र और लखीमपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत की सूचना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और 24 घंटे के भीतर मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित इलाकों में बिजली व यातायात बहाल करने को प्राथमिकता देने को कहा है।
तूफान और बारिश के कारण कई जिलों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जगह-जगह पेड़ गिरने और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। प्रशासन राहत और मरम्मत कार्यों में जुटा हुआ है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है।


