घाघरा में नहाने गए युवक की मौत, 24 घंटे बाद मिला शव
आजमगढ़ (जनवार्ता)। रौनापार थाना क्षेत्र के गोलाघाट पर घाघरा नदी में डूबे युवक का शव लगभग 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक का माहौल है। प्रशासन, एसडीआरएफ टीम और स्थानीय नाविक घटना के बाद से युवक की तलाश में जुटे थे।

जानकारी के अनुसार पिहार नवतपी गांव निवासी सरवन यादव (25) पुत्र चंद्रिका यादव रविवार दोपहर अपने पांच साथियों के साथ घाघरा नदी में नहाने गया था। इसी दौरान चार युवक अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सरवन यादव नदी की तेज धारा में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसडीआरएफ टीम तथा स्थानीय नाविकों की मदद से लगातार खोज अभियान चलाया गया। करीब 24 घंटे की तलाश के बाद सोमवार शाम युवक का शव घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर दूर नदी में बरामद हुआ।
शव मिलने की खबर मिलते ही मृतक की मां सुमित्रा देवी सहित परिवार के अन्य सदस्य बिलख पड़े। गांव में भी घटना को लेकर मातम छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

