भीषण गर्मी का असर: वाराणसी में 25 मई तक सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

भीषण गर्मी का असर: वाराणसी में 25 मई तक सभी स्कूल बंद, डीएम ने जारी किया आदेश

वाराणसी (जनवार्ता)। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर जनपद के सभी बोर्डों के विद्यालयों को 19 मई से 25 मई तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।
पूर्वांचल समेत वाराणसी में इन दिनों तेज धूप और हीटवेव ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक लू चलने की भी संभावना जताई गई है।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालय, माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य सभी बोर्डों के स्कूलों में शिक्षण कार्य पूर्णत: बंद रहेगा। आदेश का पालन सभी विद्यालयों के लिए अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि निर्देशों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है। चिकित्सकों ने पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप से बचाव करने की सलाह दी है।
प्रदेश में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों के लिए भीषण गर्मी और हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ऐसे में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग दोनों ही लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।

rajeshswari
इसे भी पढ़े   प्रशिक्षु महिला आरक्षियों से संवाद कर बोले पुलिस आयुक्त – “आप है भविष्य की शक्ति”
Shiv murti

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *