तुलसी घाट पर हादसा: गंगा स्नान के दौरान युवक डूबा, NDRF ने शव निकाला
वाराणसी (जनवार्ता)। तुलसी घाट पर मंगलवार तड़के गंगा स्नान के दौरान एक युवक की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव गंगा से बाहर निकाला गया। मृतक अपने साथियों के साथ बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए गाजीपुर से वाराणसी आया था।

मृतक की पहचान गाजीपुर जिले के रेवतीपुर निवासी 21 वर्षीय तुषार राय के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तुषार अपने दोस्तों के साथ काशी दर्शन के लिए आया था। सभी ने पहले गंगा स्नान और उसके बाद श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन का कार्यक्रम बनाया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार भोर करीब तीन बजे तुषार अपने साथियों के साथ तुलसी घाट पहुंचा। स्नान के दौरान वह सुरक्षा के लिए लगाई गई जेटी पार कर गंगा के गहरे हिस्से में चला गया। घाट पर मौजूद लोगों ने उसे आगे जाने से मना भी किया, लेकिन उसने चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के चलते इन दिनों गंगा का जलस्तर कम है और बहाव सामान्य से धीमा है। इसी कारण युवक काफी अंदर तक चला गया। अचानक गहरे पानी में पहुंचने के बाद वह संतुलन खो बैठा और डूबने लगा। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुटे और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची एनडीआरएफ टीम ने तलाश अभियान चलाकर युवक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

